राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय और भीमराव आंबेडकर की दीक्षाभूमि के लिए चर्चित नागपुर में आज कांग्रेस महारैली करने वाली है। अपने 139वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी यहां रैली करेगी और इसे आम चुनाव का बिगुल फूंकने के तौर पर भी देखा जा रहा है। इस रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी रहेंगे। कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी इस रैली में बुलाया गया है।
नागपुर के बाहरी इलाके में हो रही इस रैली में लाखों कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को ही कांग्रेस ने भारत न्याय यात्रा शुरू करने का ऐलान किया था। यह यात्रा मणिपुर से मुंबई तक निकाली जाएगी, जो 14 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी से होगी और 20 मार्च को समापन होगा।
दरअसस मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार हुई है। ऐसी स्थिति में इसे लोकसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।