नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और बताया कि अगले पांच साल में सरकार का फोकस कहां रहेगा। अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति ने इमरजेंसी का जिक्र भी किया। कहा- इमरजेंसी संविधान पर सबसे बड़ा हमला था और 1975 में पूरे देश में हाहाकार की स्थिति थी। इस दौरान विपक्ष ने हंगामा भी किया। वहीं, राष्ट्रपति के संबोधन में पेपर लीक का भी जिक्र हुआ। उन्होंने बताया कि सरकार पेपर लीक रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और सख्त कानून भी लाया जा रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति संसद भवन पहुंचीं, जहां उन्हें सलामी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद सभी ने संसद में प्रवेश किया। इस दौरान राजदंड के रूप में संसद में स्थापित सेंगोल को भी लेकर आगे-आगे चला गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, ये दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। इस बार भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। इस चुनाव की बहुत सुखद तस्वीर जम्मू-कश्मीर से भी सामने आई है। कश्मीर घाटी में वोटिंग के अनेक दशकों के रिकॉर्ड टूटे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, मेरी सरकार अर्थव्यवस्था के तीनों स्तंभों – विनिर्माण, सेवाएं और कृषि को बराबर महत्व दे रही है। बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। पारंपरिक सेक्टर के साथ-साथ सनराइज सेक्टर को भी मिशन मोड पर बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के संकल्प ने आज भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना दिया है। उन्होंने आगे कहा, देश में छह दशक के बाद पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी है। लोगों ने इस सरकार पर तीसरी बार भरोसा जताया है। लोग जानते हैं कि सिर्फ यही सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है।
राष्ट्रपति के अभिभाषण में इमरजेंसी का जिक्र, विपक्ष ने किया हंगामा
![You are currently viewing राष्ट्रपति के अभिभाषण में इमरजेंसी का जिक्र, विपक्ष ने किया हंगामा](https://jantantra24x7.com/wp-content/uploads/2024/06/president-murmu-.webp)
- Post author:Jantantra Editor
- Post published:June 27, 2024
- Post category:अभी अभी / देश / पॉपुलर
- Post comments:0 Comments