जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर देशभर में उत्सव का माहौल रहता है, और इस बार मध्य प्रदेश में 76वां गणतंत्र दिवस बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। यह दिन भारतीय संविधान के लागू होने का प्रतीक है, और इस खास मौके पर राज्यभर में शानदार कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बता दें, राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां राज्यपाल मंगू भाई पटेल ध्वजारोहण करेंगे। इस आयोजन में रंगारंग परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जो गणतंत्र दिवस की महिमा को और बढ़ाएंगे।
इंदौर के नेहरू स्टेडियम में सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण करेंगे। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में जिले के प्रभारी एवं कौशल विकास और रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
जानकारी के लिए बता दें प्रदेश के हर शहर में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इंदौर में शुक्रवार को कलेक्टर आशीष सिंह ने नेहरू स्टेडियम पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप की जाएं। साथ ही नेहरू स्टेडियम में समारोह का फाइनल रिहर्सल भी हुआ। इस दौरान विभिन्न प्लाटूनों ने परेड का अभ्यास किया और बैंड की धुन पर कदम ताल मिलाते हुए परेड का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी किया गया।
जानकारी के लिए बता दें, मुख्य कार्यक्रम 9 बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री परेड की सलामी लेंगे। विभिन्न प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगे। स्कूली बच्चे देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देंगे। मुख्य अतिथि जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को पुरस्कृत भी करेंगे।