जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल का दौर शुरू हो गया है। सोमवार रात को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जापान यात्रा से पहले सामान्य प्रशासन विभाग ने 42 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। इस आदेश में मुख्यमंत्री के दो प्रमुख सचिवों का भी ट्रांसफर किया गया, जो प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के सचिव भरत यादव को एमपी सड़क विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया, जबकि एक और प्रमुख सचिव अविनाश लवानिया को एमडी पावर मैनेजमेंट कंपनी का जिम्मा सौंपा गया। इस बदलाव के साथ ही 12 जिलों के कलेक्टर भी बदल दिए गए हैं, जिनमें गुना, खरगोन, सीहोर, सतना और बड़वानी जैसे महत्वपूर्ण जिले शामिल हैं।
गुना कलेक्टर सत्येंद्र सिंह को हटाकर उन्हें स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन का एमडी बना दिया गया है, जबकि उनकी जगह श्योपुर के कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को गुना का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया। इसी तरह, खरगोन कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को नगरीय आपूर्ति निगम का आयुक्त बना दिया गया है और उनकी जगह भव्य मित्तल को खरगोन का नया कलेक्टर बना दिया गया है।
सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा को भंडार गृह निगम का एमडी बनाया गया है, जबकि उनकी जगह सतीश कुमार एस को सतना का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। खंडवा कलेक्टर अनुप कुमार सिंह को विद्युत वितरण कंपनी इंदौर का एमडी बनाया गया है, और देवास के कलेक्टर ऋषभ गुप्ता को खंडवा का नया कलेक्टर बना दिया गया है।
इन तबादलों के बाद अब सवाल यह उठता है कि क्या यह प्रशासनिक बदलाव सिर्फ सिस्टम की दुरुस्ती के लिए हैं, या इनसे प्रदेश की राजनीति में कुछ बड़ा होने वाला है?
इन 12 जिलों के कलेक्टर बदले
सोमवार रात को जारी आदेश में गुना, खरगोन, डिंडौरी, सीहोर, सतना, बड़वानी, टीकमगढ़, रायसेन, खंडवा, श्योपुर, देवास और बुरहानपुर जिले के कलेक्टर बदले गए हैं।
- गुना कलेक्टर सतेंद्र सिंह को एमडी स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन बनाया गया है। उनकी जगह श्योपुर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को गुना कलेक्टर बनाया गया है.
- खरगोन कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को आयुक्त सह संचालक, खाद्य नागरिक आपूर्ति बनाया गया है। उनकी जगह बुरहानपुर की कलेक्टर भव्या मित्तल को खरगोन का नया कलेक्टर बनाया गया है।
- नेहा मारव्या सिंह को डिंडौरी जिला का कलेक्टर बनाया गया है।
- सीहोर कलेक्टर प्रवीण सिंह को संचालक लोक स्वास्थ्य बनाया गया है। उनकी जगह बाला गुरु को सीहोर का नया कलेक्टर बनाया गया है।
- सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा को एमडी, राज्य भंडार निगम बनाया गया है। उनकी जगह सतीश कुमार एस को सतना का नया कलेक्टर बनाया गया है।
- बड़वानी कलेक्टर डॉ. फटिंग राहुल हरिदास को आयुक्त, मप्र गृह निर्माण बनाया गया है। उनकी जगह गुंचा सनोबर को बड़वानी कलेक्टर बनाया गया है।
- टीकमगढ़ कलेक्टर अवधेश शर्मा को ओएसडी, सह-आयुक्त तकनीकी शिक्षा बनाया गया है। उनकी जगह विवेक श्रोत्रिय को टीकमगढ़ जिला का कलेक्टर बनाया गया है
- रायसेन कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे को अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है। उनकी जगह अरुण कुमार विश्वकर्मा को रायसेन कलेक्टर बनाया गया है।
- खंडवा के कलेक्टर अनूप कुमार सिंह को एमडी पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी बनाया गया है। उनकी जगह देवास के कलेक्टर ऋषभ गुप्ता को खंडवा जिले की कमान दी गई है।
- डिंडौरी के कलेक्टर हर्ष सिंह को बुरहानपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है।
- ऋतु राज, सीईओ, भोपाल जिला पंचायत को देवास का कलेक्टर बनाया गया है।
- दमोह के जिला पंचायत सीईओ अर्पित वर्मा को श्योपुर का कलेक्टर बनाया गया है।