जर्मनी और इंग्लैंड के बाद अब जापान दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के लिए निवेशकों को करेंगे आमंत्रित; जापान में उद्योगपतियों से करेंगे वन-टू-वन चर्चा …

You are currently viewing जर्मनी और इंग्लैंड के बाद अब जापान दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 के लिए निवेशकों को करेंगे आमंत्रित; जापान में उद्योगपतियों से करेंगे वन-टू-वन चर्चा …

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्यप्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रयासरत हैं। जर्मनी और इंग्लैंड जैसे विकसित देशों में निवेश संभावनाओं को टटोलने के बाद अब डॉ. यादव 27 जनवरी को जापान की यात्रा पर जा रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को गति देना और वैश्विक उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना है।

यह दौरा 27 जनवरी से चार दिन तक चलेगा। इसमें जापान के उद्योगपतियों को भोपाल में 24 और 25 फरवरी को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।

28 जनवरी को फ्रेंडस ऑफ एमपी की जापान टीम से मिलने के बाद भारतीय राजदूत सिबी जार्ज से मुलाकात करेंगे। इसके बाद, महात्मा गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाने के बाद, भारतीय दूतावास में ‘सेलिब्रेटिंग इंडिया-जापान रिलेशनशिप: मध्य प्रदेश’ नामक रोड-शो में हिस्सा लेकर उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बातचीत करेंगे।

29 जनवरी को जापान बिजनेस फेडरेशन और अन्य उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। 30 जनवरी को कोबे में सिस्मेक्स कंपनी के अधिकारियों से मिलकर उनकी साइट का दौरा करेंगे और फिर ओसाका और क्योटो जाएंगे। क्योटो में जापान की सांस्कृतिक और औद्योगिक प्रगति को देखने के लिए विभिन्न स्थानों का भ्रमण करेंगे और फिर शिंकानसेन बुलेट ट्रेन से टोक्यो लौटेंगे। एक फरवरी को वे भारत वापस आएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस यात्रा का मुख्य फोकस जापानी उद्योगों के साथ साझेदारी को मजबूत करना है। ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, और हाई-टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में जापान का योगदान विश्व प्रसिद्ध है, और मध्यप्रदेश इन क्षेत्रों में नए निवेश के लिए एक आदर्श गंतव्य बन सकता है। डॉ. यादव जापान के प्रमुख उद्योगपतियों और बिजनेस हाउस से मुलाकात कर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

जापान यात्रा के बाद भोपाल में 24 और 25 फरवरी को आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) इस दिशा में एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने समिट की तैयारियों का जायजा लेते हुए बताया कि यह आयोजन 30 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों और 15,000 से अधिक निवेशकों को आकर्षित करेगा।

समिट में “एक जिला, एक उत्पाद” की प्रदर्शनी, ऑटो और टेक्सटाइल एक्सपो, और बायर-सेलर मीट जैसे कार्यक्रम होंगे। “मध्यप्रदेश पवेलियन” विशेष रूप से प्रदेश की औद्योगिक ताकत और सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्लोबल समिट का आयोजन सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। हम सब का सौभाग्य है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पहली बार भोपाल में हो रही है। उद्योग एवं रोजगार वर्ष 2025 नए दौर की नई कहानी लिखेगा। भोपाल एक सुंदर शहर और राजधानी भी है। समिट में आने वाले अतिथियों को यहां की बड़ी झील भी आकर्षित करेगी।

Leave a Reply