हैदराबाद से उड़ान भरते ही एयर इंडिया की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, 16 मिनट में वापस लौटना पड़ा विमान; लगातार सामने आ रहे हैं ऐसे मामले!

You are currently viewing हैदराबाद से उड़ान भरते ही एयर इंडिया की फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, 16 मिनट में वापस लौटना पड़ा विमान; लगातार सामने आ रहे हैं ऐसे मामले!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

शनिवार की सुबह एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान ने यात्रियों को उस समय झटका दे दिया, जब उड़ान भरने के महज़ 16 मिनट बाद ही विमान को हैदराबाद एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। यह फ्लाइट बोइंग 737 मैक्स 8 (IX110) थी, जो सुबह 6:40 बजे राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना हुई थी और इसे थाईलैंड के फुकेट में 11:45 बजे लैंड करना था।

लेकिन टेकऑफ के कुछ ही देर बाद पायलट ने तकनीकी खराबी की आशंका के चलते फ्लाइट को वापस हैदराबाद ले जाने का निर्णय लिया। हालांकि, फ्लाइट में किस तरह की तकनीकी गड़बड़ी हुई, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। इस घटना से यात्रियों में भारी घबराहट रही, हालांकि विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया

यह कोई अकेला मामला नहीं है। बीते कुछ दिनों में फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी और इमरजेंसी लैंडिंग के कई गंभीर मामले सामने आ चुके हैं, जिससे एविएशन सेफ्टी पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

📍 16 जुलाई – इंजन फेल!? 191 यात्रियों की जान खतरे में
मुंबई एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 6271 को रात 9:53 बजे इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट का इंजन हवा में ही फेल हो गया था। इस विमान में कुल 191 यात्री सवार थे। हालांकि इंडिगो ने इंजन फेल की पुष्टि नहीं की, लेकिन माना गया कि टेक्निकल फॉल्ट के चलते पायलट ने प्रोटोकॉल के तहत विमान को डायवर्ट किया।

📍 15 जुलाई – रनवे टच के बाद फिर उड़ गई फ्लाइट!
दिल्ली से पटना आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E2482 ने एक ऐसी स्थिति पैदा की, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। विमान रनवे पर टच करने के बाद अचानक दोबारा टेकऑफ कर गया। इसके बाद आसमान में तीन-चार चक्कर लगाने के बाद फ्लाइट ने 5 मिनट बाद दोबारा लैंडिंग की। इस पूरी प्रक्रिया में 173 यात्रियों की सांसें अटक गईं। सूत्रों के मुताबिक, विमान लैंडिंग पॉइंट को ओवरशूट कर गया था, जिसके कारण दोबारा उड़ना पड़ा।

📍 इंदौर से रायपुर – हवा में जोर का झटका, फिर इमरजेंसी लैंडिंग
एक और मामला सामने आया इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट का, जिसमें टेकऑफ के आधे घंटे बाद यात्रियों ने जोर का झटका महसूस किया। पायलट ने तत्परता दिखाते हुए इंदौर में ही इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इसके बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। यात्रियों में इस दौरान भारी दहशत और नाराज़गी देखी गई।

लगातार घट रही इन घटनाओं ने एविएशन इंडस्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या विमानों की नियमित तकनीकी जांच की प्रक्रिया में कोई ढिलाई बरती जा रही है? यात्रियों की जान जोखिम में डालना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) को अब इन घटनाओं का संज्ञान लेकर विस्तृत जांच शुरू करनी चाहिए। साथ ही एयरलाइंस कंपनियों को भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ बयान जारी करना चाहिए।

Leave a Reply