मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी पर भोपाल स्थित निवास पर किया शस्त्र पूजन, इंदौर-महेश्वर में भी करेंगे शस्त्र-पूजन; विभिन्न दशहरा उत्सव कार्यक्रम में होंगे शामिल

You are currently viewing मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विजयादशमी पर भोपाल स्थित निवास पर किया शस्त्र पूजन, इंदौर-महेश्वर में भी करेंगे शस्त्र-पूजन; विभिन्न दशहरा उत्सव कार्यक्रम में होंगे शामिल

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व और लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर जी के 300वें जयंती वर्ष पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित निवास पर विधि-विधान से शक्ति, साहस और विजय के प्रतीक के रूप में शस्त्र पूजन किया। साथ ही माँ दुर्गा व भगवान श्रीराम से समस्त प्रदेशवासियों के मंगल हेतु कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पारंपरिक वस्त्र धोती कुर्ता धारण कर वैदिक विधि से शक्ति स्वरूपा मां काली की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारियों सहित सभी स्टाफ का शस्त्र पूजन हुआ।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन का महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है, जो हिंदू सनातन परंपरा से जुड़ा हुआ है। यह व्यक्ति को उसके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करता है और अधर्म के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देता है।

बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजयादशमी पर्व पर महेश्वर में देवी अहिल्याबाई की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर शस्त्र-पूजन और गौ-पूजन भी करेंगे और इंदौर में भी शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, शाम को भोपाल में विभिन्न दशहरा कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। वे भोपाल के बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान, रात्रि में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम कोलार रोड और छोला दशहरा मैदान में आयोजित दशहरा कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

महानवमी पर CM ने किया कन्या-पूजन और कन्या-भोज की सनातन परंपरा का पालन

इससे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शारदीय नवरात्र की महानवमी पर मुख्यमंत्री निवास में कन्या-पूजन और कन्या-भोज की सनातन परंपरा का पालन किया। उन्होंने नौ दुर्गा स्वरूपा कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे और उनका विधि-विधान से पूजन किया, साथ ही श्रद्धापूर्वक कन्याओं को चुनरी ओढ़ाई और आरती उतारी। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन के बाद कन्याओं को स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसा और उनकी रुचि के अनुरूप मिष्ठान भी खिलाए।

Leave a Reply