जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
गुना जिले में ABVP और AIDSO के बीच झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। ABVP के कार्यकर्ता अपने घायल साथियों को देखकर आक्रोशित हो गए और पूरे गुस्से के साथ कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। लेकिन वहाँ कलेक्टर साहब का एक ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान खींच लिया।
दरअसल, गुना जिले में रविवार रात 11 बजे ABVP और AIDSO के छात्र नेताओं के बीच एक बड़ा विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि AIDSO के सदस्यों ने ABVP के नेताओं पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ABVP के कार्यकर्ता जब पोस्टर चिपका रहे थे, तभी AIDSO के कार्यकर्ताओं से उनकी बहस हो गई। ABVP का कहना है कि AIDSO के लोग उनके पोस्टर को खराब करने आए थे, जिससे विवाद शुरू हुआ। इस हमले में ABVP के पांच कार्यकर्ता घायल हुए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। ABVP ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से AIDSO के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जैसे ही हमले की खबर मिली, कोतवाली पुलिस तुरंत हरकत में आई। शिकायत के आधार पर उन्होंने AIDSO के पांच नामजद आरोपियों शुभम राव, प्रहलाद राव, राधेश्याम चन्देल, अमरीक संधू और दिनेश सेन के खिलाफ हत्या के प्रयास, सशस्त्र दंगा, मारपीट और गाली-गलौज जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
हालाँकि अपने घायल साथियों को देखकर आक्रोशित ABVP कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुँच गए और कलेक्टर के आगे उत्तेजित होकर अपनी मांगें रखने लगे। लेकिन कलेक्टर साहब बेहद धैर्य और शालीनता से उनकी हर बात सुनते रहे। उन्होंने न केवल कार्यकर्ताओं की समस्याओं को ध्यान से सुना, बल्कि हर सवाल का जवाब शांतिपूर्ण तरीके से दिया। बीच-बीच में ABVP कार्यकर्ता उत्तेजित हो रहे थे, लेकिन कलेक्टर ने धैर्य रखकर उनकी सभी बातें सुनी। वहीं, यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहाँ कलेक्टर की इस शैली की प्रशंसा हो रही है।
विद्यार्थी परिषद् के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि AIDSO के लोगों ने लाठी, डंडे और धारदार हथियारों से उन पर हमला किया। इस हमले में ABVP के छात्र नेता रुद्रप्रताप सिंह जादौन, कृष्णप्रताप सिंह जादौन, दिव्यांश बक्षी, रुद बौहरे और प्रद्युम्न प्रताप सिंह पवैया घायल हुए हैं। इनमें से तीन छात्रों की चोटें गंभीर बताई जा रही हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में हो रहा है। घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के मध्य प्रान्त के प्रंत्री मंत्री संदीप वैष्णव ने कहा, “कम्युनिस्ट छात्र संगठन AIDSO का यह हमला उनकी खूनी मानसिकता को दर्शाता है। ABVP इस घटना की कड़ी निंदा करता है। साथ ही, सरकार से मांग करता है कि इस प्रकार के संगठन एवं सोच रखने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।”