जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई में महाराष्ट्र कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मनोज शर्मा (आईजी) और उनकी धर्मपत्नी, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रद्धा शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्री मनोज शर्मा की संघर्ष यात्रा और उनकी सफलता को प्रदेश और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। बता दें, हाल ही में आईपीएस मनोज कुमार शर्मा पर “12th Fail” मूवी बनी थी, जो बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों में से एक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, “मनोज शर्मा ने विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना करते हुए जिस तरह सफलता प्राप्त की है, वह न केवल मुरैना बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनकी दृढ़ता और संकल्प सिद्धि से आज युवा पीढ़ी प्रेरणा ले सकती है।”
सीएम डॉ. मोहन यादव ने दोनों के बीच मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की है। उन्होंने लिखा, “आज मुंबई में महाराष्ट्र कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्री मनोज शर्मा जी (IG) एवं उनकी धर्मपत्नी, महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती श्रद्धा शर्मा जी ने सौजन्य भेंट की। मनोज जी ने विपरीत परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त कर न केवल मुरैना बल्कि पूरे मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है। संकल्पों की सिद्धि के लिए आपकी दृढ़ता, प्रदेश एवं देश के सभी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।”
बता दें, मनोज शर्मा का जन्म 3 जुलाई 1975 को चंबल संभाग के एक छोटे से गांव में हुआ था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की मिसाल कायम की। 2005 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी मनोज शर्मा को महाराष्ट्र कैडर आवंटित किया गया। वर्तमान में वे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।