संविधान दिवस आज: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, X पर जारी किया वीडियो संदेश

You are currently viewing संविधान दिवस आज: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को दी बधाई, X पर जारी किया वीडियो संदेश

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन भारतीय लोकतंत्र की बुनियाद रखने वाले संविधान के प्रति सम्मान प्रकट करने और इसके महत्व को समझने का अवसर है।

बता दें, 26 नवंबर 1949 को, संविधान सभा ने भारत के संविधान को अपनाया था। हालांकि, यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। बाद में सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा लोगों को संवैधानिक मूल्यों की जानकारी देने के लिए 26 नवंबर को ही संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।

आपको बता दें कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है, जिसे तैयार करने में डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा ने लगभग 2 साल, 11 महीने और 18 दिन का समय लिया था। इसे दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान माना जाता है, जो हमारे देश की विविधता और एकता को दर्शाता है।

बता दें कि 2015 से पहले 26 नवंबर को कानून दिवस मनाया जाता था। हालांकि, सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा 19 नवंबर, 2015 को फैसला हुआ कि लोगों में संविधान की महत्ता को बताने के लिए 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाएगा। इसके बाद 26 नवंबर, 2015 को पहला संविधान दिवस मनाया गया। उस दिन के बाद से लगातार 26 नवंबर को ही संविधान दिवस मनाया जाता है।

वहीं, आज संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने X हैंडल पर वीडियो संदेश भी जारी किया है।

अपने संदेश में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने संविधान के सभी अनुच्छेदों के महत्व को समझाने के लिए नागरिकों में जागरूकता फैलाने की कोशिश की है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान को लोगों तक पहुंचाने के लिए उनके अधिकारों का सही इस्तेमाल करने का अभियान चलाया जा रहा है। इस बार संविधान दिवस को इस काम के लिए खास दिन बनाया गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी जानी चाहिए, जिन्होंने संविधान की अहमियत को समाज में स्थापित करने के लिए सभी राज्य सरकारों को निर्देशित किया। मध्यप्रदेश में इस दिशा में कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार केंद्र सरकार के जन-जागरूकता अभियान का पूरा समर्थन करती है। इस अभियान के तहत पूरे मध्यप्रदेश में संविधान की अहमियत को समझाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। खासकर मध्यप्रदेश में इन कार्यक्रमों का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि संविधान सभा के अध्यक्ष बाबा साहेब अंबेडकर यहीं महू में जन्मे थे। इसके अलावा, संविधान सभा के सदस्य और दानवीर डॉ. सर हरिसिंह गौर, जो सागर के निवासी थे, की जयंती भी 26 नवंबर को मनाई जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस खास मौके पर सभी नागरिकों को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply