मार्च 2020 में कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार गिरने को लेकर बीते दिनों दिग्विजय सिंह के एक इंटरव्यू के बाद खूब वार-पलटवार हुए थे। दिग्विजय ने सिंधिया और कमलनाथ के बीच मतभेदों को जिम्मेदार बताया था। वहीं, कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा था कि सिंधिया को लगता था दिग्विजय सिंह सरकार चला रहे इस कारण उन्होंनें सरकार गिराई थी।
इन वार-पलटवार के बीच अचानक कांग्रेस के दोनों दिग्गजों की गुरुवार को दिल्ली में मुलाकात हुई। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ से मुलाकात की तस्वीर फेसबुक पर शेयर की है।
छोटे-मोटे मतभेद रहे, लेकिन मनभेद कभी नहीं दिग्विजय सिंह ने लिखा, कमलनाथ जी और मेरे लगभग 50 वर्षों के पारिवारिक संबंध रहे हैं। हमारे राजनैतिक जीवन में उतार चढ़ाव आते रहे हैं और ये स्वाभाविक भी हैं। हमारा सारा राजनैतिक जीवन कांग्रेस में रहते हुए विचारधारा की लड़ाई एक जुट होकर लड़ते हुए बीती है और आगे भी लड़ते रहेंगे। छोटे मोटे मतभेद रहे हैं लेकिन मनभेद कभी नहीं।
कल हमारी मुलाकात हुई। हम दोनों को कांग्रेस पार्टी नेतृत्व ने खूब अवसर दिए और जनता का प्यार सदैव मिलता रहा है। आगे भी हम मिल कर जनता के हित में कांग्रेस के नेतृत्व में सेवा करते रहेंगे। जय सिया राम।