जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के चाचा चैन सिंह चौहान का निधन हो गया है। उन्होंने भोपाल के बंसल अस्पताल में अंतिम सांस ली। बता दें, वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज भोपाल के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था।
चैन सिंह चौहान की अंतिम यात्रा 22 निखिल होम्स कुंजन नगर से नर्मदा घाट जैत के लिए दोपहर 2 बजे प्रस्थान करेगी। शाम 4 बजे जैत घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अपने चाचा को नमन करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने एक्स पर लिखा- “मेरे प्रिय चाचाजी श्री चैन सिंह चौहान जी, जिनके पास भोपाल में रहकर चौथी से लेकर ग्यारहवीं कक्षा तक पढ़ा, जिनका आशीर्वाद सार्वजनिक जीवन में मेरी प्रेरणा रहा, जो सदैव मेरे ऊपर प्रेम की वर्षा करते रहे, वह आज हमें छोड़कर अनंत यात्रा पर चले गए। वो मेरी शक्ति थे, भावनात्मक सहारा थे, प्रेरणा थे। आज वो साथ छूट गया, सहारा टूट गया, हृदय-घट सूना हो गया। पूज्य चाचाजी के चरणों में प्रणाम!”
बता दें, शिवराज सिंह चौहान आज सीएम मोहन यादव के पिता सेठ पूनमचंद यादव के अंतिम दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच गए थे। CM यादव के पिता, पूनमचंद यादव ने मंगलवार को करीब 100 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका दाह संस्कार बुधवार को शिप्रा तट पर हुआ। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें, पूनमचंद यादव पिछले 1 सप्ताह से उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका इलाज चल रहा था।
CM यादव के पिता की अंत्येष्टि में शामिल होने कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, मंत्री राधा सिंह, मंत्री करण वर्मा, मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, मंत्री लखन पटेल, मंत्री विश्वास सारंग, मुख्य सचिव वीरा राणा, डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना, प्रमुख सचिव राजेश राजौरा उज्जैन पहुंचे हैं।