Indore: इतिहास में पहली बार जनता को मिली 4 फ्लाईओवर की सौगात, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने करीब 222.25 करोड़ रुपये के 4 फ्लाईओवर का किया लोकार्पण; बोले – प्रदेश में विकास को नई गति देकर लिखा जाएगा नया अध्याय

You are currently viewing Indore: इतिहास में पहली बार जनता को मिली 4 फ्लाईओवर की सौगात, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने करीब 222.25 करोड़ रुपये के 4 फ्लाईओवर का किया लोकार्पण; बोले – प्रदेश में विकास को नई गति देकर लिखा जाएगा नया अध्याय

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर में सोमवार को स्वर्णिम इतिहास रचा गया। दरअसल, यहाँ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक ही दिन में एक साथ करीब 222.25 करोड़ रुपये के 4 फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फूटी कोठी सहित भंवरकुंआ, खजराना और लवकुश चौराहे के फ्लाई-ओवर का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और विधायक एवं पूर्व मंत्री उषा ठाकुर, महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, महेन्द्र हार्डिया और मनोज पटेल, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, गौरव रणदिवे, चिन्टू वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद थे।

वहीं, जानकारी देते हुए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि फूटी कोठी चौराहे का नाम संत सेवालाल चौराहा होगा। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।

बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने इंदौर भ्रमण के दौरान सबसे पहले फूटी कोठी फ्लाई-ओवर का लोकार्पण किया। यह फ्लाई-ओवर 610 मीटर लंबा है। इसकी चौड़ाई 24 मीटर एवं 6 लेन है। इसके निर्माण पर 57.70 करोड़ रुपये लागत आई है।

इसी तरह उन्होंने भंवर कुआं के फ्लाई-ओवर का लोकार्पण भी किया। भंवरकुंआ में 625 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़ाई के 6 लेन फ्लाई-ओवर का निर्माण 55.77 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

इसी तरह लवकुश चौराहा और खजराना चौराहा के फ्लाई-ओवर की एक-एक भुजा का लोकार्पण भी किया गया। खजराना के फ्लाई-ओवर की लागत 41.19 करोड़ और लवकुश चौराहे के फ्लाई-ओवर की लागत 66.88 करोड़ रुपये हैं। उक्त दोनों फ्लाई-ओवर भी 6 लेन हैं। इन दोनों फ्लाई-ओवर की दूसरी भुजाओं का कार्य भी लगभग 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है।

बता दें, यह पहली बार हो रहा है जब इंदौर में एक ही दिन में एक साथ 4 फ्लाई-ओवर का लोकार्पण हुआ है। इस दौरान फूटी कोठी (संत सेवालाल चौराहा) में आयोजित फ्लाई-ओवर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर का चहुँमुखी विकास और सुरक्षित यातायात हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि इंदौर के किसी भी चौराहे पर यातायात बाधित न हो और वाहन चालकों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसलिए यहाँ जितने भी अंडरपास/ओवर ब्रिज की आवश्यकता होगी, वह सभी बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इंदौर में 400 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन का कार्य करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास को नई गति देकर विकास का नया अध्याय लिखा जाएगा।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर शहर में यातायात सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत इंदौर के चौराहों पर आवश्यकतानुसार अंडर-पास और ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। आगामी 3 वर्षों में एक कार्य-योजना बनाकर लगभग 20 से 25 अंडरपास/ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाना हमारा संकल्प है।

Leave a Reply