मध्य प्रदेश में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड: भोपाल में 84 साल बाद सबसे सर्द नवंबर की रात, कई जिलों में स्कूल टाइमिंग को लेकर ऊहापोह

You are currently viewing मध्य प्रदेश में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड: भोपाल में 84 साल बाद सबसे सर्द नवंबर की रात, कई जिलों में स्कूल टाइमिंग को लेकर ऊहापोह

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मध्य प्रदेश इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। रविवार रात प्रदेश के कई शहरों में तापमान तेजी से नीचे गिरा और नवंबर के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। सबसे ज्यादा असर राजधानी भोपाल में दिखा, जहां रात का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक ही रात में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और इसके साथ ही नवंबर 1941 का 6.1 डिग्री का रिकॉर्ड टूट गया।

इंदौर में भी ठंड ने 25 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां 7.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे निचला स्तर है। वहीं, राजगढ़ में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया—इतना कम तापमान यहां नवंबर महीने में पहले कभी दर्ज नहीं किया गया। ग्वालियर (9.8 डिग्री), उज्जैन (9.6 डिग्री) और जबलपुर (9.3 डिग्री) में भी ठंड का असर तेज बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में फिलहाल रात का तापमान कई जगहों पर 12 डिग्री से नीचे बना हुआ है और अगले दो दिन शीतलहर की स्थिति रह सकती है।

स्कूल टाइमिंग को लेकर उलझन: कई जिलों में बदलाव नहीं, बच्चे ठिठुरते हुए जा रहे स्कूल

ठंड बढ़ने के बावजूद प्रदेश के कई जिलों में स्कूल टाइमिंग अभी भी पुराने शेड्यूल पर चल रहे हैं। भोपाल में ज्यादातर स्कूल सुबह 7:30 बजे शुरू हो जाते हैं, जिसके कारण स्कूल वैन और बसें सुबह 6:30 बजे ही बच्चों को लेने लगती हैं। इससे बच्चे ठंड में कांपते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं, जबकि पेरेंट्स का कहना है कि इस वजह से बच्चे बीमार पड़ने लगे हैं।

भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा की जाएगी और जल्द ही समय परिवर्तन का आदेश जारी किया जा सकता है।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि शहर में फिलहाल “कोल्ड डे” जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन यदि सोमवार को मौसम और खराब रहा तो स्कूल टाइमिंग पर पुनः विचार होगा। उज्जैन के शिक्षा विभाग ने अभी तक किसी बदलाव का निर्णय नहीं लिया है।

इन जिलों में बदला स्कूलों का समय

जहां कई जिलों में स्थिति जस की तस है, वहीं ग्वालियर, देवास, छिंदवाड़ा और झाबुआ जैसे जिलों ने बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूल टाइमिंग में परिवर्तन कर दिया है।

  • ग्वालियर: 1 नवंबर से कई स्कूल सुबह 8 बजे के बाद क्लास शुरू कर रहे हैं।

  • छिंदवाड़ा: जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश अनुसार, कोई भी स्कूल 8:30 बजे से पहले नहीं खुलेगा।

  • देवास: कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सभी स्कूलों (नर्सरी से 12वीं तक) का समय सुबह 10 बजे के बाद तय किया है।

  • झाबुआ: कलेक्टर नेहा मीना ने आदेश जारी किया—

    • नर्सरी से तीसरी तक: क्लास सुबह 9 बजे से

    • चौथी से 12वीं तक: क्लास सुबह 8 बजे से पहले नहीं लगेगी

आगे क्या?

मौसम विभाग का कहना है कि अभी ठंड का यह दौर जारी रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव संभव है लेकिन रातें लगातार ठंडी रहेंगी। ऐसे में उम्मीद है कि बाकी जिलों में भी स्कूलों के समय को लेकर प्रशासन जल्द कोई फैसला ले।

Leave a Reply