जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण के मामले में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। राज्य को जल्द ही 9वां टाइगर रिजर्व मिलने जा रहा है। शिवपुरी जिले का माधव राष्ट्रीय उद्यान अब टाइगर रिजर्व के रूप में विकसित होगा, जो प्रदेश की वन्यजीव धरोहर को और समृद्ध बनाएगा। यह कदम मध्य प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण और बढ़ते प्रयासों का एक बेहतरीन उदाहरण है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी और कहा कि “मध्यप्रदेश वन्यजीव संरक्षण में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। माधव टाइगर अभयारण्य जल्द ही राज्य का 9वां टाइगर रिजर्व बनेगा, जिससे चंबल अंचल में वन्यजीवों की समृद्धि बढ़ेगी।” केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद नए टाइगर रिजर्व की अधिसूचना कभी भी जारी हो सकती है। इसके लिए औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है।इस ऐतिहासिक फैसले के बाद, प्रदेश के वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणकर्ताओं के लिए यह गर्व का पल है।
चंबल क्षेत्र में बाघों का नया घर
माधव राष्ट्रीय उद्यान का टाइगर रिजर्व बनना बाघों की बढ़ती संख्या और उनके संरक्षण में प्रदेश के सफल प्रयासों का प्रमाण है। मध्य प्रदेश पहले से ही आठ प्रमुख टाइगर रिजर्व का घर है—कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा, संजय दुबरी, रातापानी और नौरादेही। अब माधव के टाइगर रिजर्व बनने से बाघों के संरक्षण और उनके आवासों की संख्या में और वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह कदम चंबल क्षेत्र में वन्यजीवों की समृद्धि को और बढ़ावा देगा। साथ ही मध्य प्रदेश देश के सबसे अधिक टाइगर रिजर्व वाले राज्यों की सूची में एक कदम और आगे बढ़ेगा।
माधव राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व बनाने की खबर के साथ-साथ, कूनो नेशनल पार्क में 5 और चीते छोड़े जाने की भी ख़ुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व की बात है कि पहले छोड़े गए चीते न केवल शिकार कर रहे हैं, बल्कि कुशलता से जंगल में विचरण कर रहे हैं। प्रकृति और संतुलन की यह अनमोल झलक हमारे प्रदेश में दिख रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को नया टाइगर अभयारण्य मिलने वाला है। माधव टाइगर रिजर्व की काफी हद तक औपचारिकताएँ पूरी कर ली गई हैं। कल पालपुर कूनो में चीते छोड़े गए हैं।
बता दें, कूनो में अब तक 7 चीतों को जंगल में छोड़ा जा चुका है, और हाल ही में वीरा के 2 शावकों के साथ चीतों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है।