जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
नवंबर की शुरुआत के साथ ही मध्यप्रदेश में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। 15 नवंबर के बाद ठंड का असर और बढ़ने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 नवंबर से ठंड में तेजी आएगी। लेकिन, दिन में गर्मी अगले हफ्ते तक बनी रहेगी। उसके बाद तापमान 30 डिग्री से नीचे चला जाएगा। उत्तरी हवाओं के चलते तापमान में भी कमी आएगी।
वहीं, पचमढ़ी में शुक्रवार-शनिवार की रात सबसे ज्यादा ठंडक थी। पिछले दो दिनों से यहां का तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। इंदौर और भोपाल सहित 24 शहरों में तापमान 20 डिग्री से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के 24 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। पचमढ़ी में सबसे ठंडा तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं मंडला में 15.6 डिग्री और राजगढ़-उमरिया में 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा। ग्वालियर में तापमान 17.4 डिग्री, भोपाल और जबलपुर में 17.8 डिग्री, इंदौर में 18.4 डिग्री, और उज्जैन में 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा।