जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
दुनिया के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक ने बुधवार तड़के रूस के कामचटका प्रायद्वीप को हिला दिया। US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 8.8 मापी गई, जो इसे अब तक का छठा सबसे बड़ा भूकंप बनाता है। यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 4:54 बजे जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में आया। इसके कुछ ही मिनटों बाद 5 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें कामचटका के तट से टकराईं, जिससे इलाके में कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा।
कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने इस आपदा को “दशकों का सबसे बड़ा भूकंप” बताते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने पुष्टि की कि एक किंडरगार्टन स्कूल को नुकसान पहुंचा है, जबकि राहत टीमें तुरंत मोर्चे पर लगाई गई हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल है।
प्रशांत महासागर के देशों में सुनामी का कहर
भूकंप के तुरंत बाद पूरे प्रशांत महासागर क्षेत्र में सुनामी की चेतावनियां जारी कर दी गईं। जापान से लेकर अमेरिका तक, हर देश अपनी तटीय आबादी को अलर्ट पर लेकर आया।
-
जापान: राजधानी टोक्यो में 20 लाख लोगों को निकासी का आदेश दिया गया। फुकुशिमा परमाणु संयंत्र को एहतियातन खाली करा लिया गया है। उत्तर जापान में 40 सेंटीमीटर तक की लहरें दर्ज की गई हैं और चेतावनी दी गई है कि लहरें एक दिन तक जारी रह सकती हैं।
-
अमेरिका: हवाई द्वीप समूह में सुनामी की कई लहरें टकराईं, जिनमें से कुछ 5 फीट से अधिक ऊंची थीं। हालांकि, नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और चेतावनी को एडवाइजरी में बदल दिया गया है।
कैलिफोर्निया में भी हाई अलर्ट है। पोर्ट सैन लुइस में जलस्तर तेजी से बढ़ा और तटीय इलाके खाली कराए गए। लॉस एंजेलिस में हेलिकॉप्टर से सायरन बजाकर लोगों को समुद्र तट छोड़ने के लिए कहा गया। यहां 2.7 करोड़ की तटीय आबादी को खतरे में माना जा रहा है।
दुनियाभर में अलर्ट: एशिया से अमेरिका तक प्रभाव
-
फिलीपींस, इंडोनेशिया, ताइवान, चीन, चिली, पेरू, मेक्सिको और पनामा जैसे देशों ने भी अपने तटीय इलाकों में सुनामी अलर्ट जारी कर दिए हैं।
-
अमेरिका के NOAA और पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर ने पापुआ न्यू गिनी, सोलोमन द्वीप और वानुअतु के लिए भी चेतावनी जारी की है।
-
हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अब तक कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लोग अभी भी सतर्क रहें।
जापान में विशेष चेतावनी: लहरें कई घंटे जारी रह सकती हैं
जापान मौसम एजेंसी के अधिकारी कियोमोटो मसाशी ने चेतावनी दी कि सुनामी लहरें अब भी देखी जा रही हैं और उनका चक्र हर एक घंटे में दोहराया जा सकता है, जिससे यह सिलसिला एक दिन या उससे ज्यादा तक जारी रह सकता है। उन्होंने लोगों से तटीय इलाकों से दूर रहने और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने की अपील की।
अब तक का असर – एक नजर में
-
कामचटका में 5 मीटर तक ऊंची लहरें, इमारतों को नुकसान
-
टोक्यो में 20 लाख लोगों की निकासी, परमाणु संयंत्र खाली
-
हवाई में 5 फीट तक ऊंची लहरें, राहत में तेजी
-
कैलिफोर्निया में हाई अलर्ट, 2.7 करोड़ लोग खतरे में
-
चीन, पेरू, मेक्सिको, इंडोनेशिया समेत दर्जनों देशों में अलर्ट