जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में है। यह सवाल तब और गंभीर हो जाता है जब इसका शिकार कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि संसद की एक वर्तमान सदस्य बन जाए। सोमवार सुबह राजधानी के सबसे हाई सिक्योरिटी ज़ोन में शुमार चाणक्यपुरी में कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन से चेन स्नैचिंग की वारदात ने सभी को चौंका दिया है।
तमिलनाडु के मयिलादुथुराई से कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन इन दिनों संसद के मानसून सत्र के चलते दिल्ली में हैं। रोज़ की तरह सुबह 6 बजे के आसपास वे तमिलनाडु भवन के पास डीएमके सांसद रजती के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक, जिसने हेलमेट पहन रखा था और चेहरा पूरी तरह से ढंका हुआ था, धीरे-धीरे उनकी ओर बढ़ा। कुछ ही सेकंड्स में वह सुधा के पास पहुंचा और उनकी गर्दन से झपटकर सोने की चेन छीन ली।
वारदात इतनी अचानक और झटकेदार थी कि सांसद संभल भी नहीं पाईं। उन्होंने बताया कि बदमाश ने इतनी ताकत से चेन खींची कि उनकी गर्दन पर चोट आ गई और कपड़े भी फट गए। गिरने से किसी तरह खुद को संभालते हुए वे और सांसद रजती जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाए। गनीमत रही कि पास में दिल्ली पुलिस की एक गश्ती गाड़ी मौजूद थी, जिससे तुरंत शिकायत दर्ज कराई गई।
इस हमले के बाद सांसद सुधा ने न केवल दिल्ली पुलिस को मामला दर्ज करवाया, बल्कि लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखकर गंभीर चिंता जताई है। अपने लेटर में उन्होंने कहा कि उनकी करीब 32 ग्राम (चार से ज्यादा सॉवरेन) वजनी सोने की चेन छिन गई है और वह इस आपराधिक हमले से गहरे सदमे में हैं।
जो बात सबसे ज्यादा डरावनी है, वह यह कि यह पूरी वारदात चाणक्यपुरी जैसे इलाके में हुई – जहां देश-विदेश के दूतावास, राज्य सरकारों के गेस्ट हाउस और उच्चस्तरीय सुरक्षा चौकियां मौजूद रहती हैं। सुधा ने पत्र में लिखा, “अगर देश की राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ज़ोन में एक महिला सांसद खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या भरोसा?”
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर महिलाएं कैसे बिना डर के अपना काम कर सकें, जब उन्हें अपनी जान और सामान दोनों की चिंता सताती रहे। उन्होंने गृह मंत्री से आग्रह किया कि इस अपराध की जल्द से जल्द जांच हो, आरोपी की पहचान करके उसे गिरफ्तार किया जाए और उनकी चेन वापस दिलाई जाए। दिल्ली पुलिस ने मामले की FIR दर्ज कर ली है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।