खेल, निवेश और टेक्सटाइल हब से प्रदेश को मिलेगी नई गति: प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ में मध्यप्रदेश की खेल उपलब्धियों का जिक्र, डॉ. यादव ने किया आभार व्यक्त!

You are currently viewing खेल, निवेश और टेक्सटाइल हब से प्रदेश को मिलेगी नई गति: प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ में मध्यप्रदेश की खेल उपलब्धियों का जिक्र, डॉ. यादव ने किया आभार व्यक्त!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक उनके मंत्रालय में आयोजित की गई, जिसकी शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान के साथ हुई। बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 125वीं कड़ी में मध्यप्रदेश की खेल उपलब्धियों का उल्लेख करने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर की डल झील में आयोजित पहले खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में मध्यप्रदेश ने सबसे अधिक मैडल जीते। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने शहडोल जिले के एक गांव में फुटबॉल के प्रति बढ़ते जुनून का उल्लेख किया और जर्मनी के कोच डिडमार बायर्स डार्फर द्वारा कुछ खिलाड़ियों को जर्मनी की एकेडमी में प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करने की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने फुटबॉल प्रेमियों से शहडोल में हो रहे स्पोर्टिंग बदलावों को करीब से देखने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।

डॉ. यादव ने बैठक में ग्वालियर में सम्पन्न टूरिज्म कॉन्क्लेव का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 3200 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेशों से ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आगे बताया कि इसी क्रम में 11 से 13 अक्टूबर के बीच भोपाल में मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बदनावर धार में विकसित हो रहे पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क का भी उल्लेख किया। 2158 एकड़ से अधिक क्षेत्र में 2000 करोड़ रुपए से अधिक लागत से विकसित हो रहे इस हब का उद्देश्य पश्चिम मध्यप्रदेश में मेट्रोपॉलिटन एरिया विकास को साकार करना है। पार्क के तहत भूमि आवंटन 22 अगस्त से 11 सितंबर 2025 तक किया जाएगा। आवंटन की दर मात्र 1 रुपए प्रति वर्ग मीटर और 120 रुपए प्रति वर्ग फीट विकास शुल्क है, जो देश के सभी पीएम मित्रा पार्कों में सबसे कम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पार्क से लगभग तीन लाख नौकरियों का सृजन होगा, जिनमें एक लाख प्रत्यक्ष और दो लाख अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल होंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के अनावरण और उसके मोबाइल ऐप की जानकारी दी। यह घड़ी भारतीय पंचांग और कालगणना को आधुनिक तकनीक से जोड़ती है। इसे 189 से अधिक भाषाओं में देखा जा सकता है। ऐप में व्रत, त्यौहार और 30 अलग-अलग शुभ-अशुभ मुहूर्त की जानकारी उपलब्ध है, साथ ही अलार्म की सुविधा भी है। यह वैश्विक स्तर पर भारतीय काल गणना पर आधारित पहली घड़ी है।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव अनुराग जैन को उनके कार्यकाल में एक वर्ष की वृद्धि पर मंत्रि-परिषद की ओर से बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने मुख्य सचिव के प्रशासनिक अनुभव और नवाचार को प्रदेश की विकास यात्रा में नए प्रतिमान स्थापित करने वाला बताया। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इस अवसर पर मंत्रि-परिषद का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply