जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (RGSA) को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में एक संचालन समिति का गठन किया है। यह समिति उपयुक्त रणनीतियों और नीतियों को विकसित करने, कार्यक्रम की निगरानी करने और संपूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करेगी।
समिति में कृषि उत्पादन आयुक्त, अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल एवं युवा कल्याण, प्रमुख सचिव, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, वित्त, संचालक पंचायती राज, महानिदेशक/संचालक राज्य ग्रामीण विकास संस्थान (एसआईआरडी), अपर/संयुक्त संचालक पंचायती राज संचालनालय, समिति अध्यक्ष के अनुमोदन से दो विशेष आमंत्रित व्यक्ति समिति में सदस्य होंगे। अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास समिति में सदस्य सचिव होंगे।
बता दें, 8 अक्टूबर को मुख्य सचिव अनुराग जैन की अध्यक्षता में राज्य शासन ने “श्रीराम पथगमन” स्थलों के विकास के लिए विभागीय सचिवों की समिति का गठन किया है। समिति में अपर मुख्य सचिव, जल संसाधन, प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन, लोक निर्माण, वित्त, सदस्य होंगे। प्रमुख सचिव संस्कृति/पर्यटन समिति के पदेन सदस्य सचिव होंगे।