जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
उज्जैन में सरेराह हुई रेप की घटना के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उज्जैन की घटना पर कहा, “हमारे मध्य प्रदेश में कानून का राज है। जो गलती करेगा, उसके साथ सरकार सख्ती के साथ निपटेगी। किसी को नहीं बख्शा जाएगा… पीएम मोदी के नेतृत्व में हम सभी सुशासन के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मामले पर राजनीति करने वाले लोगों को अपने राज्यों को संभालना चाहिए। कोलकाता की घटना में उन लोगों का मुंह नहीं खुलता है। हम सभी कानून से बंधे हुए हैं। जहां भी इस तरह की घटनाएं होंगी, सरकार उससे कड़ाई से निपटेगी।”
ये है मामला
4 सितंबर, बुधवार को कोयला फाटक के फुटपाथ पर महिला से दुष्कर्म हुआ था। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि वीडियो बनाने और वायरल करने वाले आरोपी मोहम्मद सलीम को उसी के घर प्रकाश नगर, नागदा से गिरफ्तार किया गया है। जिस मोबाइल से उसने वीडियो बनाया था, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
एसपी ने कहा, आरोपी सलीम ने वॉट्सऐप ग्रुप्स पर वीडियो शेयर किया है। जिन लोगों ने वीडियो को वायरल किया, उन सभी पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। आरोपी सलीम के खिलाफ पुलिस ने आईटी एक्ट में केस दर्ज किया है। आरोपी पर पहले से एक केस दर्ज है। पुलिस उसका रिकॉर्ड खंगाल रही है।