इंदौर एयरपोर्ट पर उड़ानों की बिगड़ी टाइमिंग: इंदौर-भुवनेश्वर इंडिगो फ्लाइट टेक्निकल फॉल्ट के चलते रनवे से लौटी, यात्रियों को ढाई घंटे करना पड़ा इंतजार!

You are currently viewing इंदौर एयरपोर्ट पर उड़ानों की बिगड़ी टाइमिंग: इंदौर-भुवनेश्वर इंडिगो फ्लाइट टेक्निकल फॉल्ट के चलते रनवे से लौटी, यात्रियों को ढाई घंटे करना पड़ा इंतजार!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 (एयरबस A320 नियो विमान) टेकऑफ के बाद रनवे के बीच से वापस लौट आई। विमान में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई, जिस कारण प्लेन को रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट में 80 से अधिक यात्री सवार थे और सभी यात्रियों को विमान में ही ढाई घंटे तक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ने बताया कि माइनर टेक्निकल फॉल्ट की जानकारी सामने आई थी, जिसे सुधारने के बाद विमान भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गया। हालांकि, इस दौरान यात्रियों को खासी असुविधा झेलनी पड़ी।

इस फ्लाइट का रूटीन शेड्यूल सुबह 6.15 बजे भुवनेश्वर से इंदौर आने का होता है और फिर सुबह 9 बजे इंदौर से भुवनेश्वर के लिए वापसी उड़ान होती है। सोमवार को यह फ्लाइट 7:39 बजे इंदौर लैंड कर गई थी, लेकिन वापस उड़ान भरने से पहले तकनीकी खराबी के कारण बीच रनवे से रोक दी गई।

इससे पहले रविवार रात भी एअर इंडिया की दिल्ली से जुड़ी दोनों फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया गया। इंदौर से रात 10.25 बजे दिल्ली जाने वाली AI804 और दिल्ली से शाम 6.40 बजे इंदौर आने वाली AI803 को अचानक रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद जब यात्रियों को फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना मिली, तो उनमें गुस्सा देखा गया। एयरलाइन ने रद्दीकरण का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया।

इससे पहले शनिवार को भी इंडिगो की जबलपुर जाने वाली फ्लाइट ने यात्रियों की परीक्षा ली। यह फ्लाइट अंतिम समय पर बिना किसी स्पष्ट सूचना के रद्द कर दी गई। यात्री सुबह 6 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे, और उन्हें पहले आधे घंटे की देरी की जानकारी दी गई। सुबह सवा सात बजे यात्रियों को बोर्डिंग के लिए बस में बैठाकर विमान की ओर ले जाया गया, लेकिन डेढ़ घंटे तक बस में ही बैठाए रखा गया। अंत में फ्लाइट रद्द कर दी गई और यात्रियों को टर्मिनल पर वापस ला दिया गया। इससे गुस्साए यात्रियों ने हंगामा किया, जिसके बाद एयरलाइन ने किराया वापसी और री-बुकिंग के विकल्प दिए।

Leave a Reply