जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मध्य प्रदेश के नीमच में कला और समर्पण का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जहां इंदौर की बेटी शिखा और उनकी टीम ने 84,000 वर्ग फीट क्षेत्र में रंगोली बनाकर इतिहास रच दिया। इस विशाल रंगोली में 100 महान विभूतियों के चित्र बनाए गए, जो न केवल कला की सुंदरता बल्कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर को भी दर्शाते हैं।
इस अनूठे प्रयास ने एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान हासिल किया। शिखा और उनकी टीम ने अपनी मेहनत और रचनात्मकता से यह उपलब्धि हासिल कर, देशभर में नीमच और इंदौर का नाम रोशन किया। रंगोली में भारत की उन महान हस्तियों को स्थान दिया गया, जिन्होंने देश के इतिहास, संस्कृति, और विकास में योगदान दिया। हर चित्र बारीकी और जीवंतता के साथ तैयार किया गया, जिससे यह रंगोली केवल कला का नमूना नहीं, बल्कि प्रेरणा का प्रतीक भी बन गई।
बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस रंगोली का एक वीडियो भी अपने X अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा “अनूठी रंगोली… नीमच में 84 हजार वर्ग फीट में महान विभूतियों पर केंद्रित 100 चित्रों वाली अद्भुत रंगोली बनाकर इंदौर की बेटी शिखा और उनके साथियों ने एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। बेटी शिखा और उनके साथियों को बधाई और शुभकामनाएं!”
यह रंगोली न केवल आकार में विशाल थी, बल्कि इसे बनाने में समर्पण और धैर्य का बेमिसाल प्रदर्शन हुआ। शिखा और उनकी टीम ने इस अद्भुत रचना को कई दिनों की मेहनत से तैयार किया। यह उपलब्धि दर्शाती है कि जब कला और जुनून का संगम होता है, तो हर लक्ष्य संभव हो सकता है।