जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
फरवरी के जाते-जाते एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है! शुक्रवार से मध्यप्रदेश में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में पारा दो डिग्री तक लुढ़क चुका है, जिससे हल्की ठंडक लौट आई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण पाकिस्तान और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सकुर्लेशन और उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस ने प्रदेश के मौसम को प्रभावित किया है। यही कारण है कि भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया है।
अभी और बदलेगा मौसम!
मौसम विभाग के अनुसार, 24 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा, जिससे मध्यप्रदेश के मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन तापमान में और गिरावट हो सकती है।
अगले 48 घंटे रहस्यमयी ठंडक का अहसास!
- 22 फरवरी: भोपाल और ग्वालियर में बादल छा सकते हैं, जबकि इंदौर-उज्जैन में आसमान साफ रहेगा।
- 23 फरवरी: रात के तापमान में और गिरावट की संभावना, सुबह हल्की ठंडक महसूस होगी।
क्या फरवरी के आखिरी दिनों में ठंड अचानक वापसी करेगी? या ये महज एक अस्थायी बदलाव है? मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों को उलझन में डाल रहा है! अब सबकी नजर 24 फरवरी पर है, जब नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस प्रदेश में दस्तक देगा।