मैहर के शारदा मंदिर में राजा भैया के लिए टूटे नियम, बंदूक के साथ की पूजा, उठे सवाल

You are currently viewing मैहर के शारदा मंदिर में राजा भैया के लिए टूटे नियम, बंदूक के साथ की पूजा, उठे सवाल

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा से विधायक व जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने मैहर स्थित मां शारदा मंदिर के गर्भगृह में बंदूक के साथ प्रवेश कर पूजा-अर्चना की. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मंदिर के पुजारी उनकी राइफल की पूजा करते नजर आ रहे हैं.

सुरक्षा-प्रशासनिक निगरानी पर खड़े हुए सवाल

दरअसल, मैहर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां शारदा देवी मंदिर में अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है. इस घटना से मंदिर की सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मंदिर प्रबंध समिति ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट नियम बनाए हैं कि कोई भी श्रद्धालु को शस्त्र के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं है. इस संबंध में मंदिर के प्रवेश द्वार पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं.

पुजारी ने राइफल की शस्त्र पूजा कराई

कुंडा विधायक राजा भैया छह फरवरी को समर्थकों के साथ मां शारदा देवी के दर्शन के लिए मैहर पहुंचे थे. उन्होंने पूजा-अर्चना के दौरान अपनी राइफल पुजारी नितिन महाराज को थमाई. पुजारी ने राइफल पर चुनरी बांधकर फूलों की माला पहनाई और विधिवत शस्त्र पूजा कराई. खुद उनके समर्थकों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है.