केंद्र सरकार ने 6 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के राज्यपाल और उपराज्यपाल पदों में बड़ा बदलाव किया है. दिल्ली का उपराज्यपाल तरनजीत सिंह सिंधू को बनाया गया है. वहीं, वर्तमान लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख भेज दिया गया है. सिंधू भारतीय विदेश सेवा के रिटायर्ड राजनयिक हैं. वे श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त और अमेरिका में 28वें राजदूत के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं. आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का गवर्नर बनाया गया है.
ये है पूरी लिस्ट
- दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया.
- तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का लेफ्टिनेंट गवर्नर बनाया गया.
- हिमाचल प्रदेश के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का गवर्नर बनाया गया.
- तेलंगाना के गवर्नर जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का गवर्नर बनाया गया.
- नंद किशोर यादव को नागालैंड का गवर्नर बनाया गया.
- लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार का गवर्नर बनाया गया.
- तमिलनाडु के गवर्नर आर.एन. रवि को पश्चिम बंगाल का गवर्नर बनाया गया.
- केरल के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर तमिलनाडु के गवर्नर का काम संभालेंगे.
- लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का गवर्नर बनाया गया.
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने दिया था इस्तीफा
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने गुरुवार (5 मार्च) को इस्तीफा दे दिया था. उनके इस्तीफे के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है. अब तमिलनाडु के गर्वनर आरएन रवि को बंगाल का गवर्नर बनाया गया है. त्यागपत्र को लेकर सीएम ममता बनर्जी ने हैरानी जताई थी. वहीं, लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने भी त्यागपत्र दिया था. अब उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है.