मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कतर से एलपीजी लेकर आया भारतीय गैस कैरियर जहाज ‘शिवालिक’ सोमवार शाम गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंच गया।
इस जहाज में करीब 46 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लदी हुई है। अधिकारियों के मुताबिक यह मात्रा लगभग 32 लाख से अधिक घरेलू गैस सिलेंडरों के बराबर मानी जा रही है, जिससे देश में गैस सप्लाई को राहत मिलने की उम्मीद है।
14 मार्च को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर हुआ था रवाना
जानकारी के अनुसार ‘शिवालिक’ जहाज 14 मार्च को होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत के लिए रवाना हुआ था। मध्य-पूर्व में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच यह भारत पहुंचने वाला पहला एलपीजी जहाज बताया जा रहा है।
एक और जहाज जल्द पहुंचेगा
शिपिंग मंत्रालय के अनुसार एलपीजी से भरा ‘नंदा देवी’ नाम का दूसरा जहाज भी भारत की ओर बढ़ रहा है। इसमें भी करीब 46 हजार टन गैस लदी है और इसके जल्द ही मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने की संभावना जताई गई है।
कच्चे तेल का जहाज भी रास्ते में
इसके अलावा ‘जग लाडकी’ नाम का एक जहाज लगभग 81 हजार टन मुरबान क्रूड ऑयल लेकर भारत आ रहा है। उम्मीद है कि यह जहाज भी अगले एक-दो दिन में मुंद्रा पोर्ट पहुंच सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन जहाजों के पहुंचने से देश में एलपीजी और कच्चे तेल की आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने में मदद मिलेगी, खासकर ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।