शाहरुख खान के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है. उन्होंने सैफ अली खान की नई नेटफ्लिक्स फिल्म ‘कर्तव्य’ का पोस्टर शेयर करते हुए उसकी रिलीज डेट की जानकारी दी है. किंग खान द्वारा इस फिल्म को प्रमोट किए जाने से फैंस काफी उत्साहित हैं और अब वे बेसब्री से फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं.
‘कर्तव्य’ फिल्म कब रिलीज होगी?
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि ‘कर्तव्य’ 15 मई 2026 को ओटीटी के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है. इस फिल्म में सैफ अली खान एक पुलिस ऑफिसर के रोल में हैं, जो अपने फर्ज और परिवार के बीच फंसकर मुश्किलों का सामना करते हैं.
कहानी में नैतिकता और सही-गलत के बीच के संघर्ष को दिखाया गया है. फिल्म का पोस्टर काफी दमदार है, जिसे देखकर लगता है कि फैंस को एक बार फिर सिनेमाघरों में रोमांचक कहानी देखने को मिलेगी.
फिल्म में कौन-कौन होगा और स्टारकास्ट?
गौरी खान द्वारा निर्मित यह फिल्म रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है, जिसे पुलकित ने लिखा और डायरेक्ट किया है. इस फिल्म में सैफ अली खान के साथ रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा और जाकिर हुसैन जैसे मंझे हुए कलाकार दिखाई देंगे. खास बात यह है कि फेमस पत्रकार सौरभ द्विवेदी भी इस फिल्म के जरिए एक्टिंग में अपना डेब्यू कर रहे हैं.