अलवर की ईटाराणा सैन्य छावनी से सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोधपुर निवासी कुंदन विश्नोई पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (PIO) के संपर्क में था और सैन्य क्षेत्र से जुड़ी सूचनाएं साझा करता था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी भारतीय सेना की छावनी और अन्य संवेदनशील इलाकों से जुड़ी जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाता था। इसके बदले उसे आर्थिक सहायता मिलती थी। इसी रकम का इस्तेमाल कर वह सैन्य क्षेत्र में रहने वाले युवाओं और छात्र-छात्राओं से संपर्क बढ़ाने की कोशिश करता था।
बताया गया है कि कुंदन ने छावनी में रहने वाले एक युवक से दोस्ती कर कैंप क्षेत्र तक पहुंच बनाई थी। रविवार रात वह सैन्य परिसर के भीतर एक छात्रा से बातचीत करता मिला, जिसके बाद उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर सेना के जवानों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की।
मामला संदिग्ध लगने पर आर्मी इंटेलिजेंस ने इसकी सूचना एमआईए थाना पुलिस को दी। सोमवार शाम युवक को थाने लाया गया, जहां आईबी, सीआईडी और अन्य खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम उससे पूछताछ कर रही है।
मोबाइल फोन की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए स्कूल और कॉलेज की छात्राओं से संपर्क करता था। विश्वास जीतने के लिए वह उन्हें जन्मदिन जैसे अवसरों पर महंगे उपहार भी भेजता था।
सूत्रों के मुताबिक, जांच में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान किए गए कॉल और मैसेज भी एजेंसियों के रडार पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।