पंजाब में युवती ने खुद को बताया ASI, फर्जी वर्दी पहनकर 2 महीने करती रही ड्यूटी का नाटक; इसी पहचान से कर ली शादी

You are currently viewing पंजाब में युवती ने खुद को बताया ASI, फर्जी वर्दी पहनकर 2 महीने करती रही ड्यूटी का नाटक; इसी पहचान से कर ली शादी

मोगा में एक युवती ने संपन्न परिवार में शादी करने के लिए खुद को पंजाब पुलिस की ASI बताया। इसके लिए उसने पुलिस की नकली वर्दी, वॉकी-टॉकी और फर्जी पुलिस आई-कार्ड का इंतजाम किया। करीब दो महीने तक वह रोजाना फिरोजपुर से मोगा आती रही और पुलिसकर्मी होने का नाटक करती रही।

युवती की इस फर्जी पहचान पर उसके ससुराल वालों को भी विश्वास हो गया। करीब एक महीने पहले उसने इसी पहचान के आधार पर एक संपन्न परिवार में शादी कर ली। शादी के बाद भी वह रोजाना वर्दी पहनकर घर से निकलती थी, ताकि परिवार और आसपास के लोगों को उसकी नौकरी पर कोई शक न हो।

ससुराल वालों को भरोसा दिलाने के लिए वह रोजाना मोगा आती और पूरा दिन शहर में बिताती थी। उसका मकसद यह दिखाना था कि वह वास्तव में पंजाब पुलिस में ASI के पद पर तैनात है और अपनी ड्यूटी करने के लिए घर से बाहर जाती है।

युवती का पुलिस के आसपास आना-जाना भी लगातार बना हुआ था। वह मोगा के थाना सिटी-1 के पास स्थित सांझ केंद्र में अपना टिफिन रख देती थी। वहां मौजूद स्टाफ को वह बताती थी कि उसकी ड्यूटी मेन चौक पर लगी हुई है और वह कुछ देर बाद वापस आकर अपना टिफिन ले जाएगी।

पुलिस को युवती की गतिविधियां कुछ समय बाद संदिग्ध लगने लगीं। रोजाना एक ही तरह से वर्दी में आने और सांझ केंद्र में टिफिन रखने की उसकी गतिविधि पर पुलिस की नजर गई। पुलिस को यह बात भी हैरान कर रही थी कि वह ड्यूटी का दावा करने के बावजूद थोड़ी देर में ही वापस लौट आती थी।

संदेह बढ़ने पर पुलिस टीम ने युवती को रोककर उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह घबरा गई और पुलिसकर्मी होने से जुड़ी अपनी पहचान के बारे में सही जानकारी नहीं दे सकी। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद उसके फर्जी ASI बनने का खुलासा हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि युवती पिछले करीब दो महीने से नकली पुलिस वर्दी पहनकर फिरोजपुर से मोगा आती थी। वह लोगों और अपने परिवार को यह विश्वास दिलाना चाहती थी कि वह पंजाब पुलिस में नौकरी करती है। इसी फर्जी पहचान के जरिए उसने शादी भी कर ली थी।

पुलिस ने युवती के कब्जे से पंजाब पुलिस की नकली वर्दी, दो वॉकी-टॉकी और एक फर्जी पुलिस आई-कार्ड बरामद किया है। इन सामानों का इस्तेमाल वह खुद को असली पुलिसकर्मी साबित करने और लोगों के बीच अपनी पहचान बनाने के लिए करती थी।

पुलिस ने आरोपी युवती कोमलप्रीत कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204, 205 और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अब पुलिस इस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को नकली पुलिस वर्दी, वॉकी-टॉकी और फर्जी आई-कार्ड कहां से मिले और इस फर्जीवाड़े में किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद की थी या नहीं।