तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के अमेरिका दौरे को केंद्र सरकार से मंजूरी नहीं मिली है। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, अमेरिका जाने वाले तेलंगाना राइजिंग प्रतिनिधिमंडल का दौरा अब नहीं होगा।
बताया गया है कि केंद्र की ओर से अमेरिका दौरे के लिए राजनीतिक आधार पर क्लियरेंस नहीं दी गई। इसके चलते रेवंत रेड्डी को अपने तय कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा है।
रेवंत रेड्डी फिलहाल लंदन में हैं। उन्हें लंदन के बाद अमेरिका के बोस्टन जाना था, लेकिन अब वह अमेरिका नहीं जाएंगे और 23 अगस्त को सीधे हैदराबाद लौटेंगे।
पहले तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को 30 अगस्त को हैदराबाद लौटना था। अमेरिका दौरा रद्द होने के कारण उनकी वापसी करीब एक सप्ताह पहले हो जाएगी।
हालांकि, रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को अमेरिका जाए बिना वहां के संस्थानों के साथ प्रस्तावित समझौते और साझेदारी से जुड़े काम पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को लंदन पहुंचे थे। उनके UK दौरे में ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और लंदन बिजनेस स्कूल से जुड़े कार्यक्रम शामिल थे।
लंदन दौरे के बाद 24 अगस्त को अमेरिका में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी और MIT जाने का कार्यक्रम था। इसके अलावा 25 अगस्त को बोस्टन में वर्जीनिया टेक की टीम से बातचीत होनी थी।
26 अगस्त को न्यूयॉर्क में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अमेरिकी चैप्टर के कार्यक्रम में भी शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित था। अब अमेरिका दौरा रद्द होने के कारण ये कार्यक्रम रेवंत रेड्डी की मौजूदगी में नहीं होंगे।
राज्य सरकार ने नियमों के अनुसार UK और USA दौरे के लिए केंद्र सरकार से मंजूरी मांगी थी। इनमें से केवल UK दौरे को मंजूरी मिली, जबकि अमेरिका दौरे की अनुमति नहीं मिली।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल के UK पहुंचने के बाद अमेरिका दौरे की मंजूरी नहीं मिलने की जानकारी दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम बदलते हुए 23 अगस्त को हैदराबाद लौटने का फैसला किया।

