दिल्ली में 16 साल की छात्रा से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह परिवार से विवाद के बाद रात में घर से बिना बताए निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने कजिन से मिलने जा रही थी।
बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा रास्ते में ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजरी। छात्रा ने बारिश में फंसे होने के कारण बस को रुकने का इशारा किया।
पुलिस के अनुसार ड्राइवर और कंडक्टर ने छात्रा को बस में बैठाया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। आरोप है कि बस चलने के बाद दोनों ने छात्रा के साथ अपराध किया।
छात्रा ने विरोध किया तो आरोपियों पर धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने बाद में छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से चले गए।
पुलिस के अनुसार परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस करीब 47 किलोमीटर चली। बस के शीशों पर पर्दे लगे हुए थे, जिसके कारण बाहर से अंदर का हिस्सा दिखाई नहीं देता था।
घटना के बाद छात्रा ने रात में कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पुलिस को पूरी जानकारी दी। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई और बस की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया गया है और उसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद उसे मरम्मत के लिए सूरजपुर, नोएडा की एक वर्कशॉप में ले जाया गया था। मरम्मत के बाद दोनों आरोपी खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे, इसी दौरान परी चौक पर छात्रा बस में बैठी थी।
मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है और बस की फोरेंसिक जांच के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है।

