तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने मंगलवार को मेट्टूर डैम के गेट खोलकर कावेरी डेल्टा के किसानों के लिए सिंचाई का पानी छोड़ा। इस दौरान उनका एक अलग अंदाज भी देखने को मिला, जब उन्होंने रास्ते में एक बुजुर्ग महिला से मुलाकात की।
सलेम जाते समय विजय अचानक चिन्नागवुर में बुजुर्ग महिला चेल्लम के घर पहुंचे। उन्होंने उनसे बातचीत की और उनका हालचाल पूछा। इस दौरान दोनों के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई।
मुलाकात के दौरान विजय ने अपना सनग्लास उतारकर चेल्लम को दे दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह सनग्लास करीब 40 हजार रुपए का बताया जा रहा है। चेल्लम ने सनग्लास पहनकर विजय का अभिवादन किया।
विजय को अचानक अपने सामने देखकर चेल्लम काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे कोई फिल्मी हीरो उनके सामने खड़ा हो। इस मुलाकात का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहीं।
विजय ने चेल्लम से उनके खाने के बारे में भी पूछा। चेल्लम ने बताया कि वह उनका इंतजार कर रही थीं। विजय ने उन्हें खाना खाने के लिए कहा और बताया कि वह खुद खाना खा चुके हैं।
इस दौरान विजय ने आसपास के ग्रामीणों से भी मुलाकात की। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से बातचीत की और कुछ लोगों को कपड़े भी वितरित किए। उनका यह दौरा करीब 15 मिनट का रहा।
इसके बाद विजय मेट्टूर डैम पहुंचे, जहां सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया। डैम का जलस्तर 90 फीट से ऊपर पहुंचने के बाद गेट खोले गए। शुरुआती चरण में करीब 3,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी गई।
कावेरी डेल्टा के करीब 12 जिलों के किसानों को इस पानी से फायदा मिलने की उम्मीद है। पानी का इस्तेमाल खेती की जरूरत के अनुसार करने की अपील किसानों से की गई है।
हालांकि, कुछ किसानों ने पूरे फसल सीजन के लिए पर्याप्त पानी को लेकर चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि सीमित अवधि तक पानी मिलने से पूरी फसल की जरूरत पूरी करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
पानी छोड़े जाने के साथ डैम में बिजली उत्पादन भी शुरू किया गया। कार्यक्रम के बाद विजय ने डैम से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी देखी और अधिकारियों तथा किसानों से सिंचाई और खेती से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

