जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले में हुई सड़क दुर्घटना में यात्रियों की असमय मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों के असमय काल कवलित होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। इस भीषण सड़क हादसे में 9 यात्रियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, जबकि एक अत्यंत गंभीर हालत में है। अधिकतर यात्री उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है। मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बता दें, मैहर जिले में ट्रक और उत्तर प्रदेश की यात्री बस के बीच भीषण टक्कर होने से यह हादसा हुआ था। हादसे में 2 साल के बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 घायल हो गए। मृतकों में 7 उत्तर प्रदेश जबकि एक-एक महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के हैं।