जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:
शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गौशाला में विधि और मंत्रों के साथ पूजा करते हुए प्रदेश के लोगों के सुखी जीवन के लिए प्रार्थना की। वहीं, पूजा के बाद मुख्यमंत्री निवास की गौ-शाला में गायों के साथ कुछ समय बिताया। उन्होंने गायों को प्यार से सहलाया और उन्हें गुड़ और मिठाइयाँ खिलाईं।
बता दें, गोवर्धन पूजा की समृद्ध परंपरा को युवा पीढ़ी के बीच लाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासन स्तर पर गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निर्देश दिए थे, जिसके तहत मध्यप्रदेश सरकार ने राज्यभर में गोवर्धन पूजा के आयोजन किए हैं।
दीपावली के दूसरे दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा की परंपरा काफी प्राचीन मानी जाती है। इस अवसर पर गोवर्धन और गाय की पूजा प्रतीकात्मक रूप से की जाती है। यह पर्व वास्तव में प्रकृति की पूजा का भी प्रतीक है।