दिल्ली में महिलाओं के लिए बड़ी सौगात: कल होगा “महिला समृद्धि योजना” का ऐतिहासिक शुभारंभ, 20 लाख महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ; दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा भव्य कार्यक्रम

You are currently viewing दिल्ली में महिलाओं के लिए बड़ी सौगात: कल होगा “महिला समृद्धि योजना” का ऐतिहासिक शुभारंभ, 20 लाख महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ; दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा भव्य कार्यक्रम

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली की भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। 8 मार्च को महिला समृद्धि योजना का शुभारंभ किया जाएगा, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना से उन महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय ₹3 लाख से कम है और जो सरकारी नौकरी में नहीं हैं। बता दें, इस योजना का लाभ उठाने के लिए 8 मार्च को एक विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा।

महिला समृद्धि योजना की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में एक बड़े कार्यक्रम के माध्यम से की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में लगभग 5,000 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है, जो इस ऐतिहासिक योजना की गवाह बनेंगी।

महिला समृद्धि योजना के 3 प्रमुख पहलू:

1. हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता

  • सरकार महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में ₹2500 ट्रांसफर करेगी
  • इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उनकी आजीविका को सुरक्षित करना है।
  • इससे जरूरतमंद महिलाओं की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी हो सकेंगी और वे अपने भविष्य के लिए बेहतर योजनाएं बना सकेंगी।

2. कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

  • महिला की वार्षिक आय ₹3 लाख से कम होनी चाहिए।
  • 18 से 60 वर्ष की महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी।
  • लाभार्थी महिलाओं को किसी भी अन्य सरकारी वित्तीय सहायता का लाभ नहीं मिल रहा हो
  • महिला को टैक्सपेयर नहीं होना चाहिए
  • सरकारी नौकरी में कार्यरत महिलाएं इस योजना के दायरे में नहीं आएंगी

3. रजिस्ट्रेशन और स्पेशल पोर्टल लॉन्च
इस योजना का लाभ उठाने के लिए 8 मार्च को एक विशेष पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। आवेदन के लिए महिलाओं को निम्नलिखित दस्तावेज अपलोड करने होंगे—

  • वोटर कार्ड
  • बीपीएल कार्ड
  • आधार कार्ड
  • आय प्रमाण पत्र
    महिलाओं को योजना के लिए ई-रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।

बता दें, दिल्ली में कुल 72 लाख महिला मतदाता हैं, जिनमें से सरकार के अनुमान के मुताबिक 20 लाख महिलाएं इस योजना का सीधा लाभ ले सकती हैं। इस योजना को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए इस वित्तीय वर्ष में ₹1,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। वहीं, अगले वित्तीय वर्ष में योजना का बजट और बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़ा जा सके। दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 से 26 मार्च के बीच आयोजित होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई नई योजनाओं की भी घोषणा करेगी। इसके लिए दिल्लीवासियों से सुझाव मांगे गए हैं, ताकि बजट को जन-आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार किया जा सके।

Leave a Reply