मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिवृष्टि और बाढ़ प्रभावित 11 जिलों के 17 हजार 500 किसानों के बैंक खातों में 20 करोड़ 6 लाख रुपए मुआवजा राशि सिंगल क्लिक पर जमा की। इस मौके पर वर्चुअल चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धार के केला उत्पादक किसानों को आने वाले दिनों में केले के तने के रेशे का भी पैसा मिलेगा। क्योंकि धार जिले में जल्द ही इससे कपड़ा बनाने का कारखाना लगने वाला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मुस्कान ही एमपी सरकार की ताकत है। बारिश ने उन्हें नुकसान पहुंचाया है पर जल्दी ही इसकी भरपाई भी यही बारिश कर देगी। किसानों का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। डॉ. यादव बोले कि राज्य सरकार वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावितों को 188.52 करोड़ की सहायता दे चुकी है। उन्होंने अनंत चतुर्दशी और अन्य त्यौहारों की बधाई भी दी।
आपने बताया नहीं अन्यथा लोधी को मंत्री नहीं बनाते
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सबसे पहले शिवपुरी के बाढ़ पीड़ितों से बात की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण राघवेंद्र और अन्य से कहा कि कभी भोपाल आओ तो आना, यह आपका ही निवास है। उन्होंने पूछा कि जितना नुकसान हुआ है उसके हिसाब से राहत राशि मिली है या नहीं। फिर मुख्यमंत्री ने दमोह के नागरिकों से बात की। संग्राम सिंह मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र सिंह लोधी मंत्री नहीं बनेंगे तब तक शादी नहीं करने का फैसला किया था। सीएम यादव ने इस पर चुटकी ली कि आपने बताया नहीं अन्यथा नहीं बनाते।
साहब को बता देना वादा निभा दिया
मुख्यमंत्री ने अशोक नगर जिले में कल्याण सिंह और अन्य ग्रामीणों से नुकसान की भरपाई की जानकारी ली। कल्याण सिंह ने 25 बीघा में मक्का लगाने पर 10 हजार रुपए राहत राशि देने की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि उन्होंने सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ अशोकनगर का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि साहब को बता देना कि हमने वादा निभा दिया।