मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है। इस बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, एलर्जी और अस्थमा से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित कई शहरों में दोपहर के समय गर्मी का असर इतना तेज रहा कि लू जैसी स्थिति महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान ऊंचा बना रह सकता है।
सोमवार को प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्मी देखने को मिली। रतलाम सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा खजुराहो, धार, गुना, दमोह, सागर, श्योपुर और मंडला में भी पारा 38 डिग्री के आसपास रहा।
बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर और उज्जैन में तापमान 37 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। भोपाल में 36.8 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री और जबलपुर में लगभग 36 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
सामान्य से ज्यादा गर्म हुआ मार्च
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार मार्च महीने में तापमान पिछले साल की तुलना में ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। भोपाल, इंदौर और रीवा-शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री तक अधिक है। वहीं ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4.5 डिग्री तक ऊपर चल रहा है। प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्सों में दिन का तापमान 35 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा की दिशा बदलने के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल हवाएं उत्तर-पूर्व की जगह पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हैं। इन हवाओं में नमी कम होने के साथ-साथ रेगिस्तानी इलाकों की गर्मी भी शामिल रहती है, जिससे प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ जाता है।
15 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च के बाद प्रदेश के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके कारण प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने की स्थिति बन सकती है।
जल्द 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में संभावना है कि मार्च के पहले पखवाड़े में ही प्रदेश के कई शहरों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच जाए।
अप्रैल-मई में चलेगी लू
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल अप्रैल और मई के महीनों में हीट वेव यानी लू का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। करीब 15 से 20 दिनों तक लू चलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि मार्च में लू का आधिकारिक अलर्ट नहीं है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है।