Ambikapur: ‘मम्मी, पापा से ज्यादा शराब पीती थीं’, नशे में पति-पत्नी के बीच मारपीट, घर में मिली महिला की अर्धनग्न लाश

You are currently viewing Ambikapur: ‘मम्मी, पापा से ज्यादा शराब पीती थीं’, नशे में पति-पत्नी के बीच मारपीट, घर में मिली महिला की अर्धनग्न लाश

अंबिकापुर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कदमपारा मोहल्ले में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला की संदिग्ध हालत में उसके घर के भीतर लाश मिली. महिला की लाश मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. जांच के दौरान खुलासा हुआ कि महिला और उसके पति के बीच शराब के नशे में रात के समय विवाद हुआ था और इस दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी. इसके बाद सुबह महिला का पति काम करने के लिए शहर चला गया और कुछ देर बाद महिला की घर में लाश मिली.

बच्चों ने पड़ोसियों को दी जानकारी

आसपास के लोगों ने बताया कि जब महिला के छोटे-छोटे बच्चे घर से बाहर निकले और उन्होंने पड़ोस के लोगों को बताया कि उनकी मां अब नहीं उठ रही है, तब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी. इसके बाद पूरी जानकारी मणिपुर थाना पुलिस को दी गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच में खुलासा हुआ कि सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के केरजू निवासी सुखमतिया अपने पति के साथ कदमपारा में पिछले एक महीने से किराए के मकान में रह रही थी. महिला का पति राजमिस्त्री का काम करता है.

शराब को लेकर होता था विवाद

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी हमेशा शराब के नशे में रहते थे और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. रात में महिला ने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया हुआ था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. पुलिस को आशंका है कि रात में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना के कारण महिला की मौत हो सकती है.

पति पर गहरा रहा पुलिस का शक

सबसे बड़ी बात यह है कि मणिपुर थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब महिला के पति को भी मौके पर आने के लिए बुलाया गया, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा. ऐसे में पुलिस का शक उसके पति पर और भी गहरा गया है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत अत्यधिक शराब पीने की वजह से हुई है या फिर मारपीट के कारण उसकी जान गई है.

शरीर पर मिले चोट के निशान

दूसरी तरफ महिला की लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली है. महिला के पैरों में चोट के निशान भी दिखाई दे रहे हैं और इसी वजह से माना जा रहा है कि महिला की मौत मारपीट की वजह से हुई हो सकती है.

अवैध शराब के लिए बदनाम है इलाका

कदमपारा इलाका अवैध शराब की बिक्री के लिए भी जाना जाता है. यहां शाम ढलते ही लोगों के घरों में अवैध शराब का निर्माण शुरू हो जाता है और खुलेआम बिक्री की जाती है. इसी इलाके में तीन महीने पहले एक व्यक्ति ने अपने पिता की हत्या कर दी थी और फिर उसे घर के बाहर बनी पानी की टंकी में दफनाने की कोशिश की थी. हालांकि उस मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वह घटना भी शराब के नशे में हुई थी.