प्रधानमंत्री की अपील के बाद बदल रहा सरकारी सफर: अब इलेक्ट्रिक कार में चलेंगे सीएम मोहन यादव, काफिले में शामिल होगी नई EV

You are currently viewing प्रधानमंत्री की अपील के बाद बदल रहा सरकारी सफर: अब इलेक्ट्रिक कार में चलेंगे सीएम मोहन यादव, काफिले में शामिल होगी नई EV

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन बचत को लेकर दिए गए संदेश का असर अब मध्यप्रदेश सरकार के शीर्ष स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपने काफिले के लिए इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्टेट गैरेज ने महिन्द्रा कंपनी की नई इलेक्ट्रिक कार खरीदी है, जिसे जल्द मुख्यमंत्री के आधिकारिक उपयोग में लाया जाएगा।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद अपने आधिकारिक काफिले में ईवी शामिल करने वाले डॉ. मोहन यादव देश के पहले मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का फैसला ले चुके हैं। अब उसी पहल को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में इलेक्ट्रिक वाहन को अपनाया जा रहा है।

सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार तैयार की जा रही कार

मुख्यमंत्री के लिए खरीदी गई इलेक्ट्रिक कार को सामान्य रूप से उपयोग में नहीं लाया जाएगा, बल्कि इसमें जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त वीआईपी के लिए तय मानकों के अनुसार बदलाव किए जाएंगे। फिलहाल वाहन में आवश्यक सेफ्टी मॉडिफिकेशन का काम जारी है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री निवास पर कार की चार्जिंग के लिए विशेष चार्जिंग पॉइंट भी तैयार किया जा रहा है। वाहन संचालन से जुड़े ड्राइवर्स को भी इलेक्ट्रिक कार की तकनीक और सुरक्षा मानकों के अनुरूप विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मॉडिफिकेशन और ट्रेनिंग की प्रक्रिया पूरी होते ही अगले दो से तीन दिनों में मुख्यमंत्री इसी इलेक्ट्रिक वाहन से सफर करते दिखाई दे सकते हैं।

महिन्द्रा की XEV 9e बनी मुख्यमंत्री की नई सवारी

मुख्यमंत्री के लिए महिन्द्रा कंपनी की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार खरीदी गई है। यह कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी में शामिल है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 21.90 लाख रुपए से शुरू होती है, जबकि टॉप वेरिएंट की कीमत लगभग 30.50 लाख से 31.25 लाख रुपए तक बताई जा रही है।

लंबी रेंज और दमदार परफॉर्मेंस

कार में दो बैटरी विकल्प उपलब्ध हैं।

  • 59 kWh बैटरी वाले मॉडल की ARAI प्रमाणित रेंज 542 किलोमीटर है।
  • 79 kWh बैटरी वाले मॉडल की रेंज 656 किलोमीटर तक बताई गई है।

रियल वर्ल्ड उपयोग में यह वाहन शहरों में एसी चलने की स्थिति में भी लगभग 450 से 550 किलोमीटर तक आसानी से चल सकता है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो वाहन में 228 bhp से लेकर 282 bhp तक की पावर मिलती है, जबकि इसका टॉर्क 380 Nm है। यह कार महज 6.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम स्पीड 200 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है।

फास्ट चार्जिंग और आधुनिक फीचर्स

नई इलेक्ट्रिक कार में फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। 180 kW DC फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को 20 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब 20 मिनट का समय लगता है। कंपनी बैटरी पर 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर तक की वारंटी भी दे रही है।

कार में 663 लीटर का बड़ा बूट स्पेस और 207 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) समेत कई आधुनिक फीचर्स शामिल हैं। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, 360 डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स, प्रीमियम साउंड सिस्टम और इंटेलिजेंट ड्राइविंग मोड्स जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।