श्रीकृष्ण गमन पथ और महाकाल की नगरी की झलक अब दिखेगी उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन पर!

You are currently viewing श्रीकृष्ण गमन पथ और महाकाल की नगरी की झलक अब दिखेगी उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन पर!

जनतंत्र, मध्यप्रदेश, श्रुति घुरैया:

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 19 सितंबर, गुरुवार को उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे का वर्चुअल भूमि पूजन किया था। बता दें, 1692 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन प्रोजेक्ट काफी बड़ा और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है जिसे सिंहस्थ 2028 और 25 साल की जरूरत को देखते हुए बनाया जा रहा है। वहीं, इस सिक्स लेन निर्माण को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है, जिसके अनुसार, अब उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन में श्रीकृष्ण गमन पथ और महाकाल की नगरी की झलक देखने को मिलेगी।

निर्माण से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि मार्ग को हेरिटेज लुक देने का प्रयास हो रहा है। श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े कौन-से प्रसंग का वर्णन यहां निर्माण कर वर्णित किया जा सकता है, इसके बारे में विशेषज्ञों से जानकारी जुटा रहे हैं। प्रयास यह कर रहे हैं कि इस 44.50 किमी मार्ग पर सफर के दौरान यात्री को धार्मिकता और आध्यात्मिकता का अहसास हो। सफर करने वाले को यह महसूस होने लगेगा कि वह श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली व महाकाल की नगरी के पास है।

बता दें, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने उज्जैन में श्रीकृष्ण गमन पथ का निर्माण करवाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था, “मैं मथुरा से महाकाल की नगरी में आया हूँ। राजस्थान और मध्य प्रदेश सरकार मिलकर श्रीकृष्ण गमन पथ का निर्माण करेंगी। इस पथ पर वे सभी स्थान शामिल होंगे, जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण ने यात्रा की थी। इन स्थानों को विकसित किया जाएगा, जिससे धार्मिक और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।”

बता दें, सिक्स लेन निर्माण में 3 फ्लाईओवर और 6 अंडरपास बनाए जाएंगे। मार्ग में आने वाले बड़े जंक्शन पर फ्लाईओवर और सर्विस रोड का निर्माण होगा। धरमपुरी, सांवेर और पंथ पिपलई में तीन तो उज्जैन में दो फ्लाईओवर का निर्माण होना है। इसके अलावा 6 अंडरपास भी बनेंगे।

वर्तमान में इंदौर-उज्जैन रोड 8.50-8.50 मीटर चौड़ा है। सिक्स लेन में तब्दील होने के बाद यह 25 मीटर यानी 12.50-12.50 मीटर चौड़ा हो जाएगा। इसमें एक ओर 3.50 मीटर की तीन लेन तो 4 मीटर के शोल्डर होंगे। वहीं, ढाई साल में काम पूरा करने का टारगेट है।

Leave a Reply