महाकाल पुलिस द्वारा गुमशुदा वृद्ध तीर्थ यात्री को किया सुरक्षित परिजनों को सुपुर्द।
▪️दिनांक 02.09.2025 को श्री शिवनाथ महतो पिता श्री चिरकुट महतो, उम्र 75 वर्ष, निवासी – जिला चंपारण (बिहार) अपने परिवारजनों एवं गाँव की टोली के साथ उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन हेतु उज्जैन आए थे।
महाकाल मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान भीड़-भाड़ में वे अपने परिवारजनों एवं साथ आए ग्रामीणों से बिछड़ गए। परिजनों व ग्रामीणों द्वारा मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश करने के बाद भी वे नहीं मिले। अंततः उनके परिजनों ने थाना महाकाल पर वृद्ध के खो जाने की सूचना दी ।
शिकायत प्राप्त होने पर थाना महाकाल के सहायक उप निरीक्षक श्री चंद्रभान सिंह चौहान ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तलाश अभियान प्रारंभ किया। पुलिस टीम की सक्रियता से उसी दिन दिनांक 03.09.2025 को ही गुमशुदा वृद्ध शिवनाथ महतो को मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षित अवस्था में खोज लिया गया।
पुलिस द्वारा वृद्ध से नाम-पता पूछकर उनकी पहचान सत्यापित की गई। उन्हें तत्काल भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया तथा उनके परिजनों और ग्रामीण साथियों को उनके सुरक्षित मिल जाने की सूचना दी गई। किंतु उनके परिजन और ग्रामीण उसी दिन अपने गाँव लौट चुके थे।
अतः थाना महाकाल पुलिस द्वारा दिनांक 03.09.2025 से 05.09.2025 तक वृद्ध शिवनाथ महतो की पूरी देखरेख की गई। इस दौरान सहायक उप निरीक्षक श्री चंद्रभान सिंह चौहान द्वारा उन्हें समय पर भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया, स्वास्थ्य पर ध्यान दिया गया तथा उन्हें बाबा महाकाल का दर्शन भी कराया गया।
आज दिनांक 05.09.2025 को वृद्ध के पोते प्रिंस कुमार उज्जैन पहुँचे, जिनको समस्त विधिवत दस्तावेजी कार्यवाही के उपरांत शिवनाथ महतो को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
सराहनीय भूमिका-
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी महाकाल निरीक्षक गगन बादल , सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान व थाना महाकाल पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा
जिला पुलिस का संदेश
जिला पुलिस उज्जैन नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा के लिए सदैव तत्पर है। तीर्थ यात्रियों एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं देखरेख करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।